मोहन नगर आरओबी के पास सोमवार दोपहर गाजियाबाद से दिल्ली जा रही एक ईएमयू से कटकर रेलवे गैंगमैन (लोहार) की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गैंगमैन ट्रैक पर इकट्ठा हुए और रेलवे अधिकारियों और ईएमयू ड्राइवरों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मृतक के परिजनों के साथ मिलकर ट्रैक जाम कर दिया।
दिल्ली से वापस आते हुए ईएमयू चालक ने हंगामा देखा तो साहिबाबाद स्टेशन पर ईएमयू को छोड़कर भाग गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने हंगामा कर रहे गैंगमैन को शांत कराया।
करीब दो घंटे बाद ट्रैक पर रेल यातायात सुचारु हो सका। इस दौरान दो एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी भी ट्रैक पर अटकी रहीं।
साहिबाबाद रेलवे क्वार्टर निवासी गैंगमैन फैजनाथ (49) दोपहर करीब एक बजे साथियों के साथ मोहननगर आरओबी के पास ट्रैक की मरम्मत का काम कर रहे थे।
उसी ट्रैक पर दिल्ली की ओर से एक ट्रेन आती देख फैजनाथ दूसरे ट्रैक की ओर भागे। वह दूसरे ट्रैक पर पहुंचे ही थे कि गाजियाबाद की ओर से आ रही ईएमयू की चपेट में आ गए।
घटना के बाद फैजनाथ के साथी गैंगमैन ने अफसरों और साथियों को सूचना दी। सभी गैंगमैन ट्रैक पर शव रखकर हंगामा और नारेबाजी करने लगे। उनका कहना था कि सभी ट्रेनों के लोको पायलट दूर से हॉर्न देते हैं, जिससे वे सतर्क हो जाते हैं।
मगर ईएमयू चालक हॉर्न नहीं देते, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। अफसरों के आश्वासन पर गैंगमैन ट्रैक से हटे और साहिबाबाद स्टेशन पर पहुंचे।
उन्होंने स्टेशन पर भी ईएमयू चालक और रेलवे अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्टेशन सुपरिंटेंडेंट एनपी मलिक ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अगर ईएमयू चालक दोषी पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।