भजनपुरा इलाके में मकान के किराये को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध हालात में तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान मकान मालिक ने महिला को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।
हालांकि शुरुआती जांच के बाद पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। पुलिस ने मकान मालिक की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार को जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक, गुड़िया (26) परिवार के साथ भजनपुरा इलाके में अनिल कुमार नामक शख्स के मकान में किराये पर रहती थी।
वह गुड़िया को सामान समेत मकान से नीचे फेंकने की बात कहने लगी
पुलिस
- फोटो : demo pic
इसके परिवार में पति सतीश और दो बेटे युग व नितिन हैं। रविवार शाम को मकान मालिक अनिल की पत्नी मोहिनी किराया मांगने के लिए गुड़िया के पास पहुंची। गुड़िया ने उस समय किराया न होने की बात की।
इस पर मोहिनी भड़क गई। वह गुड़िया को सामान समेत मकान से नीचे फेंकने की बात कहने लगी। इसके बाद जल्द ही किराये का इंतजाम करने की बात कर मोहिनी वहां से चली गई। इस बीच गुड़िया तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई।
गंभीर हालत में उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुड़िया के पति सतीश ने आरोप लगाया है कि किराया मांगने के दौरान मोहिनी के पति अनिल ने गुस्से में उसकी पत्नी को नीचे फेंक दिया। वहीं, मोहिनी ने पुलिस को बताया कि गुड़िया खुद ही नीचे कूद गई। पुलिस मोहिनी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है।