लोनी, गाजियाबाद से पूर्व विधायक मदन भैया के चचेरे भाई का शव दिल्ली के जैतपुर इलाके में मिला है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लगेगा कि पूर्व विधायक के चचेरे भाई की मौत कैसे हुई है। दिल्ली पुलिस ने इस बाबत कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है, सिर्फ रोजनामचे में डीडी एंट्री की है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान जाबली गांव, लोनी गाजियाबाद निवासी विनय कसाना (52) के रूप में हुई। विनय प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। शव करीब तीन दिन पहले कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के पास स्टैंड के पास स्थित झाड़ियों के पास मिला था।
किसी राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखवा दिया था। दिल्ली पुलिस ने शव की पहचान के लिए पंफलेट छपवाए थे और समाचार पत्रों में फोटो निकलवाई थी। परिजनों ने मंगलवार सुबह एक समाचार पत्र पढ़कर मृतक की पहचान विनय कसाना के रूप में की। इसके बाद परिजन जैतपुर थाने पहुंचे।
परिजनों के आने के बाद शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि विनय के शरीर पर चोट आदि के निशान नहीं पाए गए थे। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार विनय कसाना करीब पांच दिन पहले अचानक गायब हो गए थे।
घरवालों ने अपहरण की आशंका जताई थी। तीन दिन पहले परिजनों ने विनय कसाना के गुमशुदगी की रिपोर्ट लोनी थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने शव का विसरा सुरक्षित रखवा दिया है।