नोएडा के सेक्टर-44 छलेरा में रंजिश के चलते दलित युवक को डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल करके आरोपी मौके से फरार हो गया। सेक्टर-39 पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। मंगलवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, कमल (28) पुत्र रामप्रसाद परिवार के साथ रहता था। वह घर के पास ही किराना की दुकान चलाता था। आरोप है कि सोमवार रात साढ़े 10 बजे पड़ोसी अंकित उसकी दुकान पर पहुंचा। यहां रंजिश के चलते किसी बात पर दोनों की बहस हुई। इसके बाद आरोपी ने कमल पर डंडे से कई बार वार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल कमल की अस्पताल में मौत हो गई। कमल ने कुछ माह पहले अंकित के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी बात को लेकर दोनों में रंजिश चल रही थी।
कमल के भाई सुरेश की शिकायत पर पुलिस ने अंकित चौहान उर्फ डीलर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और जाति सूचक अपशब्द कहने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।