परात छू जाने के चलते देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी एक दलित गर्भवती महिला की पिटाई और उपचार के दौरान मौत का मामला सामने आया है। हायर मेडिकल सेंटर में उपचार के दौरान महिला की मौत हुई है।
पुलिस ने हत्या के प्रयास में दर्ज की गई रिपोर्ट को गर्भवती के साथ मारपीट व गैर इरादतन हत्या में तरमीम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी मां-बेटे ने कोर्ट में सरेंडर के लिए अर्जी भी लगाई है।
गांव निवासी दलित दिलीप ने दी तहरीर में बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर अपना व परिवार का पालन पोषण करता है। उसकी पत्नी सावित्री कुछ माह की गर्भवती थी। गत 20 अक्टूबर की देर शाम वह साफ सफाई करने गांव में गई थी।
इस दौरान गांव निवासी दूसरी बिरादरी की महिला अंजू का परात उससे छू गया। इस पर अंजू व उसके बेटे रोहित ने दलित की जमकर पिटाई कर दी। जिससे उसकी पत्नी के सिर व पेट में गंभीर चोटें आई थी।