लूट और चोरी की वारदात को रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। अब चोरों ने बास्केटबॉल की नेशनल खिलाड़ी के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने शनिवार रात को खिलाड़ी और गोल्ड मेडलिस्ट कीर्ति हुड्डा के घर से हजारों की नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
19 नेशनल बास्केटबॉल मैच खेलने वाली कीर्ति कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी टीम से दो बार गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी है। पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से भिवानी जिले के गांव ककड़ौली निवासी दीपक ने बताया कि वह पत्नी कीर्ति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रोहतक के रामगोपाल कालोनी में किराए के मकान में रहते हैं। कीर्ति बास्केटबॉल की नेशनल खिलाड़ी है और इन दिनों एमडीयू से एमपीएड की पढ़ाई भी कर रही है। कीर्ति ने बताया कि 25 जून की रात परिवार के साथ घर में सो रही थी। चोरों ने मकान के अंदर घुसकर एक कमरे का ताला तोड़ा। फिर आरोपियों ने कमरे में रखे बैग से 10 हजार रुपये, एक सोने का कड़ा, चेन, मोबाइल सहित कई जोड़ी कपड़े चोरी कर लिये। सुबह होने पर परिजनों को चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।