करीब एक वर्ष पहले सरस्वती कुंज में की गई युवती की हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने इस मामले में उसके ही प्रेमी को गिरफ्तार किया है। इस समय आरोपी अपनी दूसरी प्रेमिका की हत्या के मामले में तीसरी प्रेमिका के साथ भोंडसी जेल में बंद था।
बता दें कि 10 नवंबर 2015 की सुबह सेक्टर-53 स्थित सरस्वती कुंज में एक अज्ञात औरत का शव मिला था। इस मामले में थाना सुशांत लोक पुलिस द्वारा हत्या का मामला दर्ज किया गया था। करीब आठ महीने की तफ्तीश के दौरान 21 जुलाई 2016 को मृतका की शिनाख्त यूपी के जिला हरदोई निवासी नीलम उर्फ नरगिस के रूप में हुई थी। जोकि यहां बेगमपुर दिल्ली में रह रही थी।
इस हत्याकांड में शामिल आरोपी का पता लगाने के लिए थाना सुशांत लोक के प्रभारी निरीक्षक गौरव फौगाट की देखरेख में अतिरिक्त थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह व एएसआई उमेश कुमार की टीम गठित की गई थी।
टीम ने इस घटनाक्रम की एक-एक कड़ी को जोड़ते हुए इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए हत्यारोपी बिहार के जिला नालंदा के गांव दुलापुर निवासी सुबोध कुमार उर्फ चौटाला को गिरफ्तार किया।