साइबर सिटी के अलग-अलग क्षेत्रों में दो महिलाओं को झांसा देकर जेवरों की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हलीमा शहर के एमजी रोड स्थित एस्सेल टॉवर में रहती हैं। उन्होंने थाना सेक्टर-29 पुलिस को बताया कि वह रविवार को घर से बाहर टहलने के लिए निकली थीं।
जब वह सुशांतलोक ब्लाक-बी की ओर से आ रही थीं तो इसी दौरान एक युवक उनके पास आया। युवक ने कहा कि आजकल अपराध बहुत बढ़ गया है, जो महिलाएं सोने के जेवर पहनकर निकल रही हैं, बदमाश उनकी हत्या कर जेवर लेकर भाग जा रहे हैं। युवक ने महिला से अपनेे गहनों को उतारकर किसी बैग में रखने की बात कही। इसी बीच एक और युवक वहां आ गया व उसने भी यही कहा।
उनकी बातों में आकर महिला ने अपनी सोने की अंगूठी, चूड़ियां और चेन उतार दी। एक युवक महिला को बातों में उलझाता रहा, जबकि दूसरे युवक ने गहनों को एक कागज में लपेटकर महिला को दे दिए। महिला ने घर जाकर जब कागज खोला तो उसमें नकली गहने मिले। महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
दूसरे मामले में दीपक राज दीवान ने पुलिस को बताया कि वह ज्योति पार्क में रहते हैं। रविवार को उनकी पत्नी कहीं जा रही थी। सोहना रोड पर उसे कुछ युवक मिले और खुद को उसका परिचित बताया। पुलिस के अनुसार युवकों ने किसी शर्मा जी का हवाला देते हुए बताया कि उन्होंने गहने मांगे हैं। उनकी बातों में आकर महिला ने अपने गहने उन्हें दे दिए। बाद में जब महिला को असलियत का पता चला तो उसके होश उड़ गए। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।