पांडव नगर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार दंपति से लूटपाट की। वारदात के बाद दंपति ने मौके से फरार हो रहे बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों गिर गए।
खबर मिलने के बाद पुलिस ने घायलों को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित महिला के मुताबिक बदमाशों ने उसका पर्स लूट लिया। उसमें सोने का हार, दो अंगूठी व पंद्रह हजार रुपये नकद मौजूद थे। महिला की शिकायत पर पांडव नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित सुमन कालरा (53) परिवार के साथ एफ-3, हिंडन विहार, नोएडा, सेक्टर-49 में रहती हैं। शुक्रवार को वह अपने पति रवींद्र कालरा के साथ स्कूटी से मयूर विहार आ रहीं थीं। वे लोग जैसे ही यूपी लिंक रोड पर मयूर विहार मेट्रो स्टेशन के सामने पहुंचे अचानक बाइक सवार बदमाशों ने सुमन के हाथ से पर्स झपट लिया।
दंपति कुछ समझ पाते तब तक बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद सुमन के पति रविंद्र कालरा ने अक्षरधाम मंदिर की ओर भाग रहे बदमाशों के पीछे स्कूटी दौड़ा दी। लेकिन कुछ ही दूर जाकर उनकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों गिर गए।