नरेला थाने के मालखाने में चोरी कर रहे एक बदमाश ने पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। जख्मी होनेे के बावजूद पुलिसकर्मी ने एक बदमाश को दबोच लिया। जबकि एक फरार हो गया। जख्मी पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पुलिसकर्मी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश की पहचान कुरनी गांव निवासी विनोद (30) के रूप में हुई है। नरेला के पुलिस कॉलोनी में रहने वाला दीपक दिल्ली पुलिस में सिपाही है। फिलहाल उसकी तैनाती नरेला थाना के सेंट्रल मालखाना में है।
29 मार्च की रात उसकी ड्यूटी थी। दीपक सिपाही नानेत के साथ मालखाने के पिछलेे भाग में गश्त करते हुए पहुंचा। जहां पुलिसकर्मियों को देखते ही दो बदमाश वहां से भागकर दीवार फांदने की कोशिश करने लगे। दीपक ने एक बदमाश को दबोचकर दीवार से नीचे खींचने लगा। इसी दौरान बदमाश ने चाकू निकालकर उसके चेहरे और हाथ पर हमला कर दिया। जख्मी होने के बावजूद दीपक ने बदमाश को नहीं छोड़ा। उधर दूसरा बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गया।
सिपाही नानेत ने पकड़े गए बदमाश को थाने में छोड़ने के बाद जख्मी दीपक को अस्पताल पहुंचाया। पकड़े गए बदमाश विनोद ने बताया कि वह मालखाने में जमा वाहनों के कलपुर्जे चोरी करने आया था। उसके निशानदेही पर पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है।