ग्रेटर नोएडा पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही ने आला अधिकारियों से शिकायत की है कि उसे एक अधिकारी ने प्रताड़ित करते हुए कमरे में बंधक बनाया। पीड़ित सिपाही 2011 बैच का है। इस घटना में उसके हाथ और आंख पर गंभीर चोट आई हैं। हालाकि पुलिस अधिकारियों ने ऐसे किसी भी घटना से इंकार करते हुए कहा है कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है।
जानकारी के मुताबिक एक सिपाही द्वारा कोई गलती हो गई। गलती की सजा देने के लिए एक अधिकारी ने पुलिस लाइन में पहुंचकर उसके साथ मारपीट की और अभद्रता करते हुए उसे कमरे में बंद कर बुरी तरह प्रताड़ित किया। आरोप तो ये भी है कि सिपाही को जान से मारने का भी प्रयास किया गया है। जब इस बारे में पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया गया तो किसी भी अधिकारी ने इस बात की पुष्टि नहीं की।
एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें मीडिया के द्वारा ही इस घटना के बारे में जानकारी मिली है कि किसी सिपाही के साथ अभद्रता की गई है। हालाकि थाने या उनके स्तर पर किसी तरह की कोई शिकायत नहीं की गई है। अगर किसी सिपाही के साथ ऐसी घटना हुई है तो वह उन्हें तुरंत बताए, ताकि संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके और सिपाही को न्याय दिलाया जा सके।