नई दिल्ली में दिवाली से पहले राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने चीन में निर्मित नौ करोड़ रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं। ये पटाखे शनिवार को तुगलकाबाद स्थित कंटेनर डिपो से जब्त किए गए। अवैध रूप से आयात किए गए ये पटाखे छह बड़े कंटेनरों में रखे गए थे।
डीआरआई के प्रधान अतिरिक्त महानिदेशक देबी प्रसाद दास ने रविवार को बताया कि पटाखों को दिव्यांगों के लिए चिकित्सा उपकरण और साइकिल के पुर्जे के नाम पर मंगाया गया था।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए पटाखों का बाजार मूल्य नौ करोड़ रुपये के करीब है। गौरतलब है कि पटाखों के आयात पर प्रतिबंध है।