अल्फा-2 सेक्टर में बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार दोपहर घर के बाहर खड़ी महिला से तमंचे के बल पर सोने की चेन लूट ली। वारदात के वक्त आसपास कई लोग थे, लेकिन बेखौफ बदमाश आराम से फरार हो गए।
भागते समय आरोपी सेक्टर के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। वारदात से डरी महिला शिकायत दर्ज कराने के बाद फिलहाल पति के साथ मेरठ चली गई है। कासना कोतवाली पुलिस के मुताबिक नीलू शहर में एक निजी कंपनी में जॉब करती है।
वह मां के साथ सेक्टर अल्फा-2 के आई ब्लॉक में किराये के मकान में रहती है, जबकि नीलू का पति मेरठ में रहता है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उसके सामने रुके। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने नीलू को तमंचा दिखाकर गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए।
महिला ने वारदात की जानकारी पति को देकर उसे मेरठ से बुला लिया। इसके बाद दोनों ने कासना कोतवाली में शिकायत दी है। पुलिस लुटेरों की पहचान करने में लगी है। इधर वारदात से सहमी महिला पति के साथ मेरठ चली गई।
एसएचओ सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि सेक्टर के बाहर निकलते वक्त बाइक सवार बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। इसमें बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट पहने हुए और उसके पीछे एक बदमाश बैठा दिख रहा है।