नंगला एंक्लेव पार्ट-1 में बेटा पैदा होने की शर्तिया आयुर्वेदिक दवा बेचने वाली वीरवती नाम की महिला को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार शाम को छापा मार कार्रवाई कर पकड़ लिया। डिप्टी सीएमओ संजीव भगत ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. संजीव भगत ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि नंगला एंक्लेव में वीरवती नाम की महिला अपने घर पर बेटा पैदा होने की दवा बेचती है।
इस पर उन्होंने छापामार कार्रवाई के लिए आयुष चिकित्सा अधिकारी सिमरजीत सिंह, ड्यूटी मजिस्ट्रेट बल्लभगढ़ तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, पुलिस और एक गर्भवती महिला की टीम बनवाई।
गर्भवती महिला फर्जी ग्राहक बनकर वीरवती के घर पहुंची। महिला ने वीरवती से कहा कि उसकी एक लड़की है लेकिन दूसरा बच्चा वह बेटा ही चाहती है। वीरवती ने एक पुड़िया में कुछ दवा रखी और गर्भवती को गाय के दूध के साथ लेने को कहा। दवा मिलते ही महिला ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को इशारा कर दिया।