नरेला इलाके में सड़क हादसे में घायल हुए युवकों की मदद करने वाले एक ट्रैफिक सिपाही की लोगों ने पिटाई कर दी और उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया। सिपाही किसी तरह से अपनी जान बचाकर वहां से भागने में कामयाब हो गया।
पीड़ित सिपाही की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट करने का मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक हीरा लाल ट्रैफिक पुलिस में तैनात है।
उसकी तैनाती नरेला ट्रैफिक सर्किल में है। बुधवार की सुबह वह होलंबीकलां रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था को देख रहा था। इसी दौरान एक राहगीर उसके पास आया और रेलवे फाटक के पास सड़क हादसा होने की बात बतायी।
हीरालाल अपनी बाइक लेकर मौके पर पहुंचा। वहां दो युवक जख्मी हालत में पड़े थे। उनकी बाइक क्षतिग्रस्त अवस्था में वहीं पड़ी थी। हीरालाल ने एक ऑटो रोककर दोनों घायलों को उसपर चढ़ाया। इसी दौरान छह सात लोग वहां पहुंचे।
जबतक हीरालाल कुछ समझ पाता उन लोगों ने हीरालाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। अपनी जान बचाने के लिए हीलाल उसी ऑटो पर सवारबये गया। सिपाही ने देखा कि आरोपियों ने उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया है।
हीरालाल ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि घायल युवकों की पहचान होलंबीकलां निवासी अमित और वासु विहार निवासी शिवम के रूप में हुई है। दोनों अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि हमलावरों ने हीरालाल की बाइक से हादसा होने के शक में उसपर हमला किया है। फिलहाल पुलिस सड़क हादसा और सिपाही के बयान पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।