हाईवे स्थित असालतनगर कट के पास बृृहस्पतिवार सुबह साइड नहीं मिलने पर चार कार सवार लोगों ने रोडवेज चालक पर लोहे की राड से हमला कर उसका पैर तोड़ डाला। सूचना पर पहुंचे दो पुलिस कर्मियों को आरोपियों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि उनके दो साथी भाग निकले। परिचालक ने हमलावरों पर लूटपाट का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने चालक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना नगवा टोली निवासी प्रतीश भैंसाली डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस का चालक है। पीड़ित ने बताया कि बृहस्पतिवार को मेरठ से बस लेकर कौशांबी जा रहा था।
असालतनगर कट के पास जाम होने के कारण पीछे से आ रही कार को साइड देने में देेरी हो गई। इससे गुस्साए कार सवार चार लोगों ने बस रुकवाकर चालक पर लोहे की राड से हमला कर उसका पैर तोड़ दिया व बस में तोड़फोड़ की।
आरोपियों ने बीच बचाव करने पर हेल्पर रूपचंद निवासी माधवपुरम मेरठ से मारपीट की और परिचालक ऋषिपाल के बैग से सात हजार की नगदी लूट ली। इससे बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों से आरोपियों ने अभद्रता की व दो सिपाही को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। बाद में फोन कर सिपाहियों ने थाने से फोर्स बुला ली और भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को पकड़ लिया।
इसके चलते हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। एसओ आरपी शर्मा ने बताया कि संदीप त्यागी निवासी असालतनगर और देवव्रत निवासी भदौली को गिरफ्तार किया है। संदीप दिल्ली के एक प्रतिष्ठित अस्तपाल में चिकित्सक के रुप में तैनात है।