द्वारका इलाके में कार सवार बदमाशों पिस्टल के बल पर एक प्रॉपर्टी डीलर से क्रेटा कार लूट ली। साथ ही एक चोरी की आई 20 कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर पीड़ित की शिकायत पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल, बदमाशों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
मधुर मल्होत्रा (42) सपरिवार कीर्ति नगर में रहता है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। 16 दिसंबर की रात उसे एक ग्राहक को द्वारका सेक्टर-82 में फ्लैट दिखाने जाना था। वह कीर्ति नगर से अपनी क्रेटा कार से रवाना हुआ। द्वारका सेक्टर-18 के पास ग्राहक ने उसे आने से मना कर दिया।
इसके बाद मधुर मल्होत्रा खाना खाने के लिए होटल रेडीसन की ओर जाने लगा। सेक्टर-18 में एक जगह पर कार रोककर वह पेशाब करने लगा। इसी दौरान उसकी कार के पास एक सफेद रंग की कार आकर रुकी। कुछ ही पल में पीछे से एक आई 20 कार आई।
दोनों कार से एक-एक युवक नीचे उतरे और उसकी कनपटी में पिस्टल लगाकर कार की चाबी मांगी। डरे सहमे मधुर ने बताया कि चाबी कार में ही लगी है। उसके बाद दोनों बदमाश कार में बैठकर फरार हो गए। उसकी कार में आईफोन, 40 हजार रुपये के अलावा अन्य सामान थे।