हापुड़-मोदीनगर मार्ग पर खंजरपुर गांव के पास मंगलवार रात दो बदमाशों ने मेरठ के किसान से स्विफ्ट डिजायर कार लूट ली। वारदात के वक्त किसान खेत में शौच के लिए गया था।
कार को ले जाते देख पीड़ित ने विरोध किया, लेकिन बदमाश तमंचा दिखाते हुए फरार हो गए। कार में मोबाइल एवं पांच हजार रुपये भी थे। वहीं, पुलिस ने मामला लूट की बजाय चोरी में दर्ज किया है।
मेरठ जनपद के परतापुर थानांर्गत काजमाबाद गून गांव निवासी सतेंद्र चौधरी बड़े किसान हैं। मंगलवार को वह अपनी ससुराल मोदीनगर क्षेत्र के अमराला गांव में आए थे।
रात में करीब ग्यारह बजे वापस लौटते वक्त खंजरपुर गांव के पास सतेंद्र अपनी स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़ी करके खेत में शौच करने लगे। इसी बीच कार स्टार्ट होने की आवाज आई, तो उन्होंने शोर मचा दिया। मगर बदमाश तमंचा दिखाते हुए मोदीनगर की ओर कार लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के मुताबिक कार में 5 हजार रुपये व मोबाइल रखा था। बदमाश जाते वक्त मोबाइल को मौके पर फेंक गए। पीड़ित ने कोतवाली में पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने लूट का मामला चोरी में दर्ज किया गया है।