आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर एक नौकर ने कैंटीन मालिक की दराती से गला रेत कर हत्या कर दी। कैंटीन से हजारों रुपये और अन्य सामान गायब हैं। पुलिस को आशंका है कि लूटपाट की नीयत से नौकर ने मालिक की हत्या की है।
पुलिस ने शव कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मूलत: उड़ीसा के कटक का रहने वाला सागर कुमार आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर कैंटीन चलाता था और बेटे आकाश (14) के साथ कैंटीन में ही रहता था।
परिवार में एक बेटा, एक बेटी है। उसकी पत्नी का देहांत हो चुका है। आकाश ने पुलिस को बताया कि 18 जुलाई की रात साढ़े 12 बजे सागर ने कैंटीन बंद किया और सभी सो गए।
हत्या कर कैंटीन के गल्ले से गायब किए रुपए
पुलिस
- फोटो : file photo
आकाश कैंटीन के बाहर सोया था, जबकि उसका पिता और नौकर शुभम राव कैंटीन के भीतर सोये थे। तड़के साढ़े चार बजे दो लोग सामान लेने आए तो उन लोगों ने आकाश को जगाया।
आकाश ने देखा कि कैंटीन का दरवाजा खुला है और भीतर अंधेरा है। उसने बल्ब जलाया तो उसने पिता को लहूलुहान अवस्था में देखा। सागर की गला रेतकर हत्या की गई थी। पास ही खून से सनी एक दराती पड़ी थी।
उसने देखा कि नौकर गायब है और कैंटीन के गल्ले से करीब नौ हजार रुपये और अन्य सामान भी गायब हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नौकर मूलत: उड़ीसा के कटक का ही रहने वाला है।