साकेत इलाके में जायलो कैब चालक ने बृहस्पतिवार शाम कोर्ट आवासीय परिसर से निकलते समय एक जज की कार में टक्कर मार दी। हादसे के समय जज अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे।
विपरीत दिशा से आए कैब चालक ने हादसे के बाद जज को जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद लापरवाही से वाहन चलाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गौरव राव साकेत कोर्ट में जज हैं। बृहस्पतिवार शाम करीब 7:15 बजे गौरव अपनी कार में सवार होकर परिवार के साथ घर से निकले थे।
साकेत कोर्ट आवासीय परिसर के सामने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस
- फोटो : file photo
जैसे ही वे आवासीय परिसर के गेट से निकलकर बाहर मेन रोड पर आए, तभी विपरीत दिशा से आ रही यूपी नंबर की कैब ने जज की कार को बायीं ओर से टक्कर मार दी।
इसके बाद आरोपी ने दोबारा भी टक्कर मारी। विरोध करने पर कैब चालक अपनी गाड़ी से बाहर आया और गौरव राव को धमकाने लगा। आरोपी ने जज व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीसीआर कॉल करने पर आरोपी अपनी कैब समेत फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस को जज ने कैब का नंबर नोट कर दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।