सराय रोहिल्ला में रेलवे के अधिकारी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मृतक की शिनाख्त दीपक कुमार (52) के रूप में हुई है। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपने एक साथी व अधिकारी पर प्रताड़ित करने व झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम केे बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक, दीपक कुमार ई-2/135, शास्त्री नगर, सराय रोहिल्ला में रहते थे। दीपक पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर चीफ बुकिंग सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहे थे।
शुक्रवार दोपहर को वह घर पहुंचे। घर पहुंचते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने पूछा, तो दीपक ने बताया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। परिजन उन्हें फौरन न्यू रोहतक रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए, वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के दौरान पुलिस को तीन पेज का सुसाइड नोट दीपक के पास से बरामद हुआ।
नोट में अपने एक साथी व अधिकारी पर परेशान करने का आरोप लगाया है। दीपक ने लिखा है कि उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में झूठी शिकायत कर दी गई है, वह इससे परेशान था। दीपक ने अपनी मौत के लिए इन लोगों को जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने नोट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।