नईजीरियन छात्रों द्वारा कैब चालक का किराया न देना और पिटाई करना भारी पड़ गया। अगले दिन अपने साथियों के संग आए कैब चालक ने किराये के एवज में छात्रों की कार का पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया। हालांकि, छात्रों द्वारा 100 नंबर पर दी जानकारी पर मौके पर कासना थाने की पीसीआर पहुंची थी। किसी भी पक्ष द्वारा मामले की शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।
ग्रेटर नोएडा में पाई सेक्टर की एक सोसाइटी में रहने वाले दो नाइजीरियाई मूल के दो छात्र बृहस्पतिवार दोपहर खरीददारी करने के लिए नोएडा की अट्टा मार्केट गए थे। शाम को अट्टा मार्केट से उन्होंने एक ओला कैब पाई सेक्टर स्थित सोसाइटी तक आने के लिए बुक की थी।
सोसाइटी में पहुंचकर कैब चालक ने किराए के 320 रुपये मांगे तो छात्रों ने उसे अधिक किराया बताते हुए रुपये देने से मना कर दिया। आरोप है कि इस दौरान दोनों के बीच बहस बढ़ी तो छात्रों ने कैब चालक की पिटाई कर दी। शुक्रवार सुबह कैब चालक अपने साथियों के साथ सोसाइटी पहुंचा और छात्रों की कार का शीशा तोड़ दिया। कैब चालक वहां मौजूद लोगों से कह रहा था कि उसका किराया तो नहीं मिला लेकिन शीशा तोड़कर उसके किराए की भरपाई हो गई।