गुड़गांव की पॉश सोसायटी में रहने वाली महिला ने अपने पति पर दहेज के लिए मारपीट के अलावा दुष्कर्म का आरोप भी लगाया है। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मिलकर उसे कई सालों से प्रताड़ित किया जा रहा था।
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति समेत ससुराल पक्ष की दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है। पालम विहार स्थित सोसायटी में रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 साल पहले उसकी शादी माधव कुलश्रेष्ठ के साथ हुई थी।
जो दिल्ली में बिजनेस करता है। महिला का कहना है कि उसके दो बच्चे होने के बाद ससुराल पक्ष के लोगा दहेज के लिए लगातार मारपीट कर रहे थे। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया जिसका विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
महिला की शिकायत पर पालम विहार थाने की पुलिस ने माधव कुलश्रेष्ठ, प्रेमा कुलश्रेष्ठ और मीनाक्षी रावत के खिलाफ आईपीसी 323, 376, 406, 498ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रही महिला एएसआई मीनावती ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला
फरीदाबाद के थाना सेक्टर-31 में एक विवाहिता को दहेज के लिए घर से निकालने का मामला सामने आया है। महिला ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार सेक्टर-30 में ज्योति जैन अपने परिजनों के साथ रहती है। ज्योति ने 22 अगस्त को थाना सैक्टर-31 में शिकायत दर्ज कराई है।
जिसमें बताया कि उसकी शादी 27 अप्रैल 2008 को दिल्ली के गोविन्दपुरी निवासी हितेश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले ज्योति को कम दहेज लाने के लिए ताने देने लगे। साथ ही और अधिक दहेज की मांग करने लगे।
ज्योति का आरोप है कि दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाता था। पति हितेश, ससुर आरपी जैन, सास प्रोमिला, नन्द रोहिनी व नन्दोई उमेश बंसल उसे दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे साथ ही कुछ दिनों पहले उसे घर से निकाल दिया। ज्योति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।