साइबर सिटी में फ्लैट के नाम पर धोखाधड़ी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ने रविवार को अलग-अलग थानों में एक कंपनी सहित 3 लोगों के खिलाफ करीब 58 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पहला मामला डीएलएफ-1 थाना क्षेत्र का है। दिल्ली की रहने वाली नीरज जैन ने पॉल इंफ्रास्ट्रक्चर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आरोप है कि उन्होंने आठ साल पहले कंपनी के प्रोजेक्ट में पौने तीन लाख रुपये में फ्लैट बुक कराया था।
आरोप है कि कई बार संपर्क करने पर भी कंपनी ने कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया और उनके पैसे भी नहीं लौटाए जा रहे हैं। पुलिस ने आर्थिक अपराध शाखा ईस्ट की जांच रिपोर्ट के बाद पॉल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी पर धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।
दूसरा मामला सदर थाना क्षेत्र का है। दिल्ली के सफदरजंग एंक्लेव की रहने वाली सारिका गुप्ता ने बताया कि उन्होंने गुड़गांव के ललित कुमार व इशपाल भारद्वाज से फ्लैट के लिए संपर्क किया था।
शिकायत में पीड़िता ने बताया है कि इसके लिए उन्होंने 56.50 लाख रुपये भी दिए थे। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा की जांच रिपोर्ट के बाद सदर थाना पुलिस ने ललित और इशपाल के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।