प्रीत विहार इलाके में बुधवार शाम हीरा कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर बदमाशों ने दो करोड़ रुपये के जेवरात उड़ा लिए। पीड़ित ने आरोपियों का पीछा करने का भी प्रयास किया, लेकिन बदमाश मौके से फरार हो गए।
खबर मिलते ही जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया गया। शुरूआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात को किसी जानकार की सूचना पर अंजाम दिया गया।
बदमाशों ने बाकायदा पीछा कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित विजय गुप्ता परिवार के साथ पटपड़गंज स्थित अंकुर अपार्टमेंट में रहते हैं।
इनका हीरों के जेवरात का कारोबार है। यह जेवरात खरीदकर बेचते हैं। बुधवार दिन में विजय ने चांदनी चौक इलाके में छह-सात कारोबारियों से करीब दो करोड़ के जेवरात लिए थे।
जेवरात लेकर यह एक पार्टी को दिखाने फर्श बाजार इलाके में आए थे। शाम करीब पांच बजे यह अपनी कार से वापस घर के लिए निकल गए। इस बीच कड़कड़ी मोड़ फ्लाईओवर के पास इनकी कार पंक्चर हो गई।
विजय कार से उतरकर बाहर खड़े होकर फोन पर बात करने लगे। इस बीच पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने कार का शीशा तोड़कर कार में रखा इनका बैग उड़ा लिया।
एक ऑटो चालक ने बाइक सवारों को देखकर विजय को इसके बारे में बताया। विजय ने ऑटो से बाइक सवारों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गए।
पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस उपायुक्त ऋषिपाल के मुताबिक मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि किसी जानकार की सूचना पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।