न्यू अशोक नगर इलाके में पति-पत्नी के बीच विवाद इस कदर बढ़ा कि उसने अपनी पत्नी पर गोली चला दी। गोली पत्नी को न लगकर 16 वर्षीय बेटे के कंधे में लग गई। जख्मी हालत में बेटे विशाल (16) को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। पुलिस ने विशाल की मां की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित विशाल परिवार के साथ न्यू अशोक नगर में रहता है। इसके परिवार में पिता रघुबर, मां लक्ष्मी देवी व तीन बहन हैं। पिछले काफी समय से रघुबर व लक्ष्मी का किसी बात पर विवाद चल रहा है। लक्ष्मी बच्चों के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहती है, जबकि रघुबर पहली मंजिल पर अकेला रहता है। रघुबर का अपना मकान है। वह अपने मकान के कागजात अपनी बहन के घर रखता है।