पांच लाख रुपये की रंगदारी न देने पर कार सवार बदमाशों ने आटा मिल मालिक और उसके मुनीम पर गोली चला दी। मिल मालिक किसी तरह बच गया, लेकिन मुनीम को गोली लग गई। मामले में ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने उन्नाव जेल में बंद बदमाश सुंदर भाटी समेत सात-आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
फोरेंसिक और साइबर टीम ने भी मामले की जांच की है। पुलिस पड़ताल में एक आढ़ती से लेनदेन का विवाद भी सामने आ रहा है। हल्दौनी गांव निवासी शौकीन नेे पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह आटा मिल चलाता है। शुक्रवार दोपहर वह मिल पर मुनीम से हिसाब कर रहा था।
इसी दौरान आठ लोग कार में सवार होकर मिल पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने सुंदर भाटी के नाम से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी और फोन पर सुंदर भाटी से बात भी कराई। रंगदारी न देने पर आरोपियों ने फायरिंग की, जिसमें शौकीन बाल-बाल बच गया।
लेकिन मुनीम इमरान के पैर में गोली लग गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए, लेकिन उनमें से एक की घड़ी वहां गिर गई। शौकीन ने घड़ी कब्जे में लेकर पुलिस को सौंप दी है। इमरान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्नाव जेल प्रशासन पर खड़े हो सकते हैं सवाल
अगर शौकीन का सुंदर भाटी से फोन पर बात कराने का आरोप सही है, तो इससे उन्नाव जेल प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सुंदर भाटी फिलहाल उन्नाव जेल में बंद है। इस घटना से उसके पास मोबाइल होने की पुष्टि हो रही है। वहीं, पुलिस पड़ताल में एक आढ़ती सेे पांच लाख रुपये के गेहूूं लेने का विवाद भी सामने आ रहा है।
पड़ताल के बाद होगा खुलासा
घटना की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है, फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है। जानकारी मिली है कि एक आढ़ती से भी लेनदेन का विवाद है। पड़ताल के बाद मामले का खुलासा होगा।-राकेश कुमार, सीओ तृतीय