आईपी एस्टेट इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर सड़क दुर्घटना के शिकार हुए एक बुजुर्ग की मदद करने के बजाय किसी ने उनका बैग चुरा लिया। बैग में पचास हजार रुपये के नये नोट थे। बाद में किसी ने पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसाद गुप्ता (65) सपरिवार कुंडली सोनीपत हरियाणा में रहते हैं। वह दवा का कारोबार करते हैं। बृहस्पतिवार को वह किसी काम से लक्ष्मी नगर आए थे।
जहां से वह बस पर सवार होकर आजादपुर जा रहे थे। रास्ते में प्रेम प्रसाद की बेटी ने फोन किया और शकरपुर से कोई काम करके आने के लिए कहा। प्रेम प्रसाद सचिवालय के बस स्टॉप पर बस से उतर गए। वह शकरपुर जाने के लिए सड़क पार कर दूसरी तरफ बस पकड़ने के लिए जाने लगे।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बेहोश हो गए। किसी ने उन्हें लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। होश में आने पर प्रेम प्रसाद ने अपना बैग गायब पाया। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने बताया कि बैग में पचास हजार कीमत के नये नोट थे।