कुत्ते के भोंकने पर बंथला गांव में दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी डंडों एवं गोली मारकर घायल करने का आरोप लगाते हुए चार हमलावरों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई है।
बंथला गांव के एक ही मोहल्ले में महीपाल नाम के दो व्यक्ति रहते हैं। मंगलवार शाम सात बजे महिपाल का पुत्र अरुण घर के बाहर कुत्ते को घूमा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष चिंकू अपने फुफेरे भाई मोनू के साथ वहां कार खड़ी करने पहुंचा।
कुत्ते के भोंकने पर टिंकू ने उसे पत्थर मार दिया, जिसेे लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई। उस समय तो गांव के लोगों ने बीच बचाव कर मामला निपटा दिया।
आरोप है कि रात में 10.15 बजे चिंकू, काले, योगेंद्र, महीपाल अपने चार-पांच साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। हमलावरों ने अरुण, महीपाल, चाचा कृष्ण, दर्शन तथा मां सुदेश को लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
अरुण का आरोप है कि हमलावरों ने आधा दर्जन राउंड गोलियां भी दागीं। हाथ में गोली लगने से दर्शन घायल हो गया। घायल को गाजियाबाद के यशोदा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। अरुण पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने काले, चिंकू एवं योगेंद्र के विरुद्ध 151 की कार्रवाई की है।
मामले की जांच कर रहे बंथला चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। मेडिकल रिपोर्ट में मामूली चोटें लगना बताया गया है। गोली चलने की बात फर्जी है।