सीआईए सेक्टर-56 प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीन वाहन चोरी गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पांचों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का एक ऑटो, एक स्कूटी और 22 बाइक बरामद की हैं। पुलिस दो गैंग के अन्य सदस्यों को पकड़ने के प्रयास में जुटी है।
इंस्पेक्टर आनंद ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी थी कि तीन युवक बाइक चुराने के लिए मुजेसर में चोरी की बाइक से गलियों में चक्कर लगा रहे हैं। इस पर उनकी टीम ने एक बाइक पर घूम रहे तीन युवकों को रोका।
तीनों बाइक के कागजात नहीं दिखा सके। तलाशी में उनकी जेब से बाइक का लॉक तोड़ने के लिए स्क्रूृ ड्राइवर घुमाकर बनाई गई मास्टर चाबी बरामद हुई। उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में तीनों ने अपने नाम वाहिद, रईसुद्दीन और नवीन निवासीगण जारचा (जिला गौतमबुद्धनगर, यूपी) बताया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने गौतमबुद्धनगर से चोरी का एक ऑटो और 19 बाइक बरामद कीं। वहीं, मुखबिर की सूचना पर टीम ने दो और बाइक चोर गैंग के सदस्य जमील निवासी सिंगार जिला नूंह और जाबिद उर्फ जावेद निवासी गुराक्षर, तावडू् जिला नूंह को सेक्टर-55 थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इन दोनों के पास से भी बाइक का लॉक तोड़ने वाली मास्टर चाबी बरामद हुईं।
इनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक स्कूटी और तीन बाइक बरामद कीं। सीआईए प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि तीनों गिरोह फरीदाबाद, पलवल, दिल्ली, गुड़गांव, महेंद्रगढ़ आदि से वाहन चोरी कर चुके हैं। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में वाहन चोरी, झपटमारी के 28 केस दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि जाबिद और जमील को रिमांड पर लेकर गैंग के अन्य सदस्यों को पकड़ा जाएगा।