शनिवार दोपहर पुलिस से बेखौफ बाइकर्स ने सिहानी गेट कोतवाली के गेट पर ही महिला से बैग लूट लिया। महिला ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों का विरोध भी किया।
खींचतान के दौरान धक्का देने पर महिला रिक्शे से गिर गई और कई मीटर तक बैग के साथ घिसटी। बैग में तीन हजार रुपये, बैंक पासबुक, चेकबुक और अन्य जरूरी कागजात थे। घटना से कुछ देर पहले ही डीएम सिहानी गेट कोतवाली का निरीक्षण करके गए थे।
राजनगर सेक्टर-2 निवासी शिखा ने बताया कि वे दोपहर करीब डेढ़ बजे नवयुग मार्केट स्थित पीएनबी में डीडी बनवाने कार से गई थी। बैंककर्मियों ने कुछ जरूरी कागजात उनसे मांगे, जो घर पर थे।
कार पार्किंग में फंसी होने के कारण वे रिक्शा से कागजात लेने घर की ओर चल दी। उन्होंने गले से लंबी तनी का क्रास बैग लटकाया हुआ था। सिहानी गेट कोतवाली के गेट के सामने आते ही पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश उनका बैग छीनने लगे।
उन्होंने बैग नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने उन्हें धक्का दिया, जिससे वे रिक्शे से गिरकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गईं। इस दौरान उनकी पकड़ ढीली पड़ गई और बदमाश बैग लेकर भाग गए।
इस घटना से कुछ देर पहले ही जिलाधिकारी विमल कुमार शर्मा ने सिहानी गेट कोतवाली का निरीक्षण किया था। एसएचओ अशोक सिसोदिया ने बताया कि महिला ने तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।