दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अनिल उर्फ गंजा गिरोह के शार्प शूटर प्रदीप उर्फ बबलू (38) को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस आईजीआई एयरपोर्ट पर हुई हत्या की वारदात में आरोपी की तलाश कर रही थी।
बबलू वर्ष 2014 से फरार था। कोर्ट ने हत्या के इस मामले में भगोड़ा घोषित कर दिया था। पुलिस ने इसके कब्जे से चार कारतूस के साथ 7.65 बोर की देशी पिस्टल और पांच राउंड कारतूस के साथ .32 बोर की रिवाल्वर बरामद की है।
अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव के अनुसार, शातिर बदमाशों को दबोचने के लिए इंस्पेक्टर पूरन पंत की विशेष टीम बनाई गई थी।
हत्या के मामले में वर्ष 2014 से था फरार
arrest
- फोटो : demo pic
इस दौरान पुलिस टीम को आईजीआई एयरपोर्ट पर हत्या की वारदात में बदमाश प्रदीप का हाथ होने के बारे में सूचना मिली थी। उस वक्त पुलिस ने पश्चिमी उप्र और हरियाणा में भी छापेमारी की थी।
इस बीच 26 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि प्रदीप रिठाला मेट्रो स्टेशन आने वाला है। इसके बाद यहां घेराबंदी करके पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गांव दीनापुर दिल्ली निवासी प्रदीप नौवीं कक्षा तक पढ़ा हुआ है। पहले ये पांच मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। वर्ष 2006 में अपने साथी के साथ दंगे के मामले में सोनीपत, हरियाणा में गिरफ्तार हुआ था।
इसने वर्ष 2008 में अपनी पत्नी से अवैध संबंधों के संदेह में चचेरे भाई पदम की साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। 2011 में साथियों के साथ मिलकर पीडीएम कॉलेज के एक लेक्चरार का अपहरण कर लिया था। 20 लाख की फिरौती लेकर उसने छोड़ा था।