पहाड़गंज इलाके में समझौता और मामला वापस नहीं लेने पर दुष्कर्म पीड़िता पर घातक हथियार से हमला किया गया। हालांकि, पीड़िता को अस्पताल से प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी मिल गई।
उसकी शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों पर मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक, सकीना (23) (बदला हुआ नाम) पति के साथ चुड़ीवालान इलाके में रहती है।
सकीना का आरोप है कि एक साल पहले वसीम नाम के युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस बाबत उसने चांदनी महल थाने में मामला दर्ज करवाया था। कुछ दिनों से वसीम का दोस्त दानिश सकीना पर समझौता करने के लिए दवाब बना रहा था। गत शुक्रवार को उसने सकीना को बातचीत करने के लिए पुलिस भवन के पास बुलाया।
सकीना के वहां पहुंचने पर दानिश एक दोस्त आमिर के साथ उसे स्कूटी पर बिठाकर कनॉट प्लेस की ओर चल दिया। रास्ते में दानिश ने स्कूटी रुकवाई और सकीना को लेकर फुटपाथ पर चला गया।
बातचीत के दौरान दानिश ने हाथ में छिपाकर रखे धारदार हथियार से सकीना के गर्दन पर वार किया। लेकिन पीछे हट जाने की वजह से हथियार उसके गाल पर लगी।
दानिश ने दुबारा हमला करने की कोशिश की, जिसे सकीना ने हाथ से रोक दिया। इसकी वजह से उसके हाथ में भी चोट लगी। घटना को अंजाम देकर दानिश और आमिर वहां से फरार हो गए।