दिल्ली पुलिस में भर्ती से पूर्व ही एक युवक ने दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बदमाश ट्रेन में युवक की जेब से पर्स निकालकर भागने के फिराक में थे। पकडने के दौरान बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। लेकिन इसी दौरान दिल्ली पुलिस का एक सिपाही वहां पहुंच गया और दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से पर्स मिल गया। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार राहुल(19) अपने परिजनों के साथ पालम गांव में रहता है। 12वीं पास करने के बाद वह दिल्ली पुलिस की भर्ती के लिए तैयारी कर रहा है। इन दिनों अलवर में दिल्ली पुलिस में भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। राहुल गत शुक्रवार को दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन से आश्रम एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर अलवर जा रहा था।
टिकट लेने के दौरान काउंटर पर दो युवकों ने उसके साथ धक्का मुक्की शुरु की दी। राहुल किसी तरह से टिकट लेकरट्रेन में सवार हो गया, दोनों युवक भी उसके पीछे ट्रेन में सवार हो गये और पीछे खड़े होकर उसे धक्का मारने लगे। राहुल को महसूस हुआ कि युवकों ने उसका पर्स निकाल लिया है। राहुल ने पीछे मुड़कर एक युवक का हाथ पकड़ लिया। इतने में युवक ने पर्स अपने दूसरे सहयोगी को दे दिया और बदमाश राहुल को जान से मारने की धमकी देने लगा।
राहुल ने उस बदाश को नहीं छोड़ा और शोर मचा दिया। शोर सुनकर प्लेटफार्म पर गश्त कर रहा सिपाही दिनेश वहां पहुंचा और दोनों बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गये बदमाशों की पहचान रघुवीर नगर निवासी अमित और राजेश के रूप में हुई। उनके पास से राहुल का पर्स मिल गया है। जिसमें 21 सौ रुपये, आधार कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस के साथ अन्य कागजात थे। पुलिस पकड़े गये बदमाशों की अपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।