शकरपुर इलाके में मानसिक रूप से कमजोर किशोर के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों ने मासूम के साथ अप्राकृतिक यौनाचार के दौरान विरोध करने पर उसे सिगरेट और गर्म सलाखों से दाग दिया और जमकर पीटा।
बाद में उसे घर पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। इधर विधवा मां ने अपने इकलौते बेटे की हालत देखी तो उसके होश उड़ गए। उसके पूरे बदन पर सलाखों के निशान थे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने छानबीन के बाद बेहद हल्की धाराओं (मारपीट की धाराओं) में मामला दर्ज कर परिवार को थाने से टरका दिया। सोमवार दिन में पड़ोसियों व परिजनों ने जब हंगामा किया तो पुलिस ने किशोर का दुबारा मेडिकल कराया।
पुलिस के मुताबिक मानसिक रूप रूप से कमजोर सलमान (14) (बदला हुआ नाम) अपनी मां के साथ शकरपुर इलाके में रहता है। उसके पिता की मौत हो चुकी है। सलमान पास के सरकारी स्कूल में आठवीं का छात्र है।
आरोपियों ने पीड़ित की मां के साथ की खींचातानी
किशोर से कुकर्म
- फोटो : अमर उजाला
सलमान की मां अपने मकान के किराए से परिवार को चला रही है। रविवार शाम करीब 6:30 बजे सलमान अपनी गली में खेल रहा था। इस बीच पड़ोस के मकान में तीसरी मंजिल पर रहने वाले तीन युवक उसे जबरन अपने कमरे पर ले गए।
वहां उन्होंने सलमान के साथ अप्राकृतिक यौनाचार का प्रयास किया, विरोध करने पर आरोपी हैवानियत पर उतर आए। उन्होंने गर्म सलाखों और सिगरेट से उसे दाग दिया। इसके अलावा उसके साथ मारपीट भी की।
इधर सलमान की मां रात हो जाने पर अपने बेटे को ढूंढने लगी। इस बीच रात करीब 10:30 बजे तीनों आरोपी बुरी हालत में सलमान को उसके घर लेकर पहुंचे।
आरोपियों ने सलमान की मां को धमकाते हुए उसके साथ भी खींचातानी की। एक अन्य पड़ोसी महिला के दखल के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने साधी चुप्पी
पुलिस
- फोटो : file photo
पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि आरोपी युवक पड़ोसी सुशील कुमार के मकान में तीसरी मंजिल पर किराए पर रहते हैं। घटना के बाद से मासूम बुरी तरह सहमा हुआ है। वह कुछ भी बोलने की हालत में नहीं था।
पुलिस ने मां के बयान पर 323, 342, 34 (मारपीट) की धाराओं में मामला दर्ज कर परिवार को थाने से टरका दिया। परिवार ने रात के समय उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार की संभावना जताई थी।
इधर सोमवार को पड़ोसियों व अन्य लोगों ने जब किशोर की हालत देखी तो पुलिस के खिलाफ उसका गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जमकर नारेबाजी की। शोर-शराबे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सोमवार दोपहर बाद सलमान का दुबारा मेडिकल कराया।
फिलहाल पुलिस उससे बयान लेने का प्रयास कर अप्राकृतिक यौनाचार का मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही थी। मामले पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।