इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट टी-3 पर हवाई जहाज से उतरते समय एक एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़ मामला सामने आया है। पीरडिता की शिकायत पर पुलिस ने पुणे के 62 वर्षीय कारोबारी राजीव वसंत दानी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया ने बताया कि वारदात 24 मार्च को एयर विस्तारा की फ्लाईट से उतरते समय टी-3 पर हुई। शिकायत के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक 24 मार्च को एयर विस्तारा की फ्लाईट लखनऊ से दिल्ली आई थी। फ्लाईट में पीड़िता मौजूद थी। आरोप है कि दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचने पर हवाई जहाज के यात्री राजीव वसंत ने उसके साथ शारीरिक छेड़छाड़ की।
पीड़ित ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को यात्री द्वारा छेड़े जाने के बारे में बताया। एयर विस्तारा प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फौरन पीड़ित से एयरपोर्ट थाने में शिकायत दिलवाई। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पूछताछ में आरोपी ने खुद पर लगे आरोपी को गलत बताया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।