दिल्ली के एम्स के पीजी स्टूडेंट पर आईसीएमआर की पीजी स्टूडेंट ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। जमानत पर छूटे युवक पर अब युवती ने डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। मामले में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से भी शिकायत की गई है।
शिकायत स्वास्थ्य मंत्रालय से होते हुए एम्स प्रशासन तक पहुंच चुकी है। एम्स के सूत्रों के मुताबिक, आईसीएमआर की सफदरजंग शाखा की पीजी की छात्रा ने एम्स के लैब मेडिसिन के पीजी स्टूडेंट पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को लिखे पत्र में युवती ने कहा कि जमानत पर छूटने के बाद आरोपी उसे डरा धमका रहा है।
मंत्रालय की ओर से स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए कहा गया है। मामले में स्वास्थ्य मंत्रालय ने एम्स प्रशासन से जवाब मांगा है। हौज खास थाने में अगस्त-2014 में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उससे कई बाद दुष्कर्म किया।
इसी वर्ष फरवरी में जब युवक ने जबरन सर गंगा राम अस्पताल में उसका गर्भपात भी कराया। जब युवक ने शादी से इनकार कर दिया तब युवती ने हौज खास थाने में युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।