ओला कैब में गुड़गांव से दिल्ली रही बेल्जियम की युवती के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि ओला कैब में महिला जज के साथ छेड़छाड़ व बदतमीजी करने का वारदात हो गई।
चालक ने जज का लैपटॉप व अन्य सामान भी कैब से बाहर फेंक दिया। रही-सही कसर दिल्ली पुलिस ने पूरी कर दी। पीसीआर समय से घटनास्थल पर नहीं पहुंची। रूप नगर थाना पुलिस ने चौथे दिन एफआईआर दर्ज की है।
महिला जज तीस हजारी कोर्ट में तैनात हैं। उन्होंने 28 मई की शाम एप्लीकेशन बेस ओला कैब बुक कराई थी। कैब से जब वह कमला मार्केट पहुंची तो उन्होंने कैब चालक संदीप को पांच-दस मिनट इंतजार करने के लिए कहा।
महिला जज के साथ उनका अर्दली भी था। चालक संदीप पहले तो इंतजार करने के लिए तैयार हो गया, मगर बाद में वह बहस करने लगा। चालक ने जज को कैब से उतार दिया और बदतमीजी करने के साथ छेड़छाड़ कर गलीगलौच करने लगा। उसने जज के दो लैपटॉप, बैग, ब्रीफेस व अन्य सामान कैब से बाहर फेंक दिया। इसके बाद उनके अर्दली ने 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जज मौके से घर चली गई थीं।