वैभव खंड स्थित आदित्य मेगा सिटी सोसायटी में मंगलवार दोपहर चोरों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट और निजी कंपनी के डायरेक्टर के घरों सहित चार फ्लैटों के ताले तोड़कर लाखों का माल उड़ा लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा गार्डों से पूछताछ की। पुलिस जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है।
आदित्य मेगा सिटी के फ्लैट संख्या के-304 में विकास पोद्दारपत्नी प्रियंका व बेटे पर्व के साथ रहते हैं। वह नोएडा सेक्टर-62 की कंपनी में चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं।
दोपहर साढ़े बारह बजे प्रियंका फ्लैट का लॉक कर बेटे को स्कूल से लेने गई थीं। करीब डेढ़ बजे वह लौटीं तो उनके फ्लैट का दरवाजा खुला था और अंदर सारा सामान बिखरा था।
चोर फ्लैट से डायमंड सेट, 2 सोने की अंगूठी, चार सोने की चूड़ी, 2 सोने की चेन, 8 अंगूठी, 4 जोड़ी ईयर रिंग, सोने का मंगलसूत्र सहित करीब 15 लाख की ज्वैलरी और नगदी उड़ा ले गए थे।
वहीं, उनके पड़ोस में ही रहने वाले रोहन के फ्लैट का ताला तोड़कर चोर 13 हजार रुपये और लैपटॉप ले गए। रोहन गए ऑफिस थे। दोपहर में मेड आई तो उसे दरवाजा खुला मिला।
वहीं, निजी कंपनी के डायरेक्टर सौरभ अश्वनी के फ्लैट से चोरों ने लाखों का माल उड़ा लिया। एक अन्य फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की गई।
एसएचओ इंदिरापुरम गोरखनाथ यादव ने बताया कि शिकायत लेकर चोरों की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
एसएचओ ने बताया कि सोसायटी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। फुटेज की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है। अन्य जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
सिक्योरिटी गार्ड्स से की पूछताछ
आसपास के लोगों द्वारा शक जाहिर करने पर पुलिस ने गार्ड्स से पूछताछ की है। हालांकि गार्ड्स से कुछ खास जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस का कहना है कि गार्ड्स को हिरासत में लेकर दोबारा पूछताछ की जा सकती है।