फरीदाबाद के थाना सदर बल्लभगढ़ की सीकरी पुलिस चौकी के कैली गांव में मंगलवार देर शाम डेढ़ वर्षीय एक बच्ची का शव कुएं में मिला।
बच्ची की हत्या की आशंका जताई जा रही है। बच्ची पांच जून को घर से लापता हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, गांव कैली में रहने वाले मूलरूप से बिहार के सीतामढ़ी निवासी दिनेश कुमार एक कंपनी में नौकरी करता है। 5 जून की रात को वह अपने तीन बच्चों व पत्नी के साथ आंगन में सोया था
शुक्रवार सुबह उठा तो उसकी डेढ़ वर्षीय बच्ची अंजलि गायब थी। मंगलवार देर शाम गांव के एक व्यक्ति ने कुएं में बच्ची का शव पड़ा देखा। पुलिस को सूचना दी गई।
सीकरी चौकी इंचार्ज सत्यवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में बच्ची की मौत का कारण पता नहीं लग सका। कुएं में कई दिन पड़े रहने से शव की स्थिति खराब हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट होगा।