डिफेंस कॉलोनी थाना पुलिस ने एक ऐसे शराब तस्कर को पकड़ा है जो शराब तस्करी कर हर महीने 60 से 70 हजार रुपये कमा लेता था। उसने शराब तस्करी कर स्विफ्ट डिजायर कार खरीद ली थी और उसी कार से अवैध शराब की तस्करी करता था।
आरोपी गुडग़ांव से शराब लाकर खोड़ा कॉलोनी, यूपी व आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। आरोपी की पहचान मूलत: भरतपुर (राजस्थान) निवासी सुरेश शर्मा के रूप में हुई है। दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी थाना पुलिस 12 जून को ई-2, रिंग रोड पर चेकिंग की रही थी।
इसी दौरान आरोपी को दबोचा गया। कार से अवैध शराब के 42 कार्टन बरामद किए गए। आरोपी सुरेश शर्मा ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले तीन-चार वर्ष से अवैध शराब की सप्लाई कर रहा था। वह अवैध शराब सेक्टर-40 गुडग़ांव से लाता था। आरोपी के खिलाफ गीता कॉलोनी थाने में एक्साइज एक्ट का एक मामला दर्ज है।