दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर एक कंपनी ने 75 लोगों से 20 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने मोबाइल पर एसएमएस कर लोगों से संपर्क किया। इसके बाद मेडिकल और टिकट के लिए उनसे पैसे जमा करा लिए।
कंपनी संचालक ने फर्जी वीजा और पासपोर्ट की कॉपी भी भेजी थी। कंपनी ने टिकट भी बुक कराई, जो बाद में कैंसल कर दी। फ्लाइट पकड़ने के लिए लोग पहुंचे, तो उन्हें ठगी का पता चला।
उन्होंने थाना इंदिरापुरम में ठगी की शिकायत दी है। मध्यप्रदेश स्थित बेतुल क्षेत्र निवासी सचिन व रामदास ने बताया कि डेढ़ माह पूर्व इंदिरापुरम की एक कंपनी ने एसएमएस भेजकर उनसे संपर्क किया था।
कंपनी ने दुबई में नौकरी दिलाने का वादा किया था। उनसे मेल पर दस्तावेज मांगे। कुछ दिन बाद कंपनी नेे फोन पर नौकरी लगने की सूचना दी और उन्हें इंदिरापुरम बुलाया गया।
यहां पर उनसे मेडिकल, वीजा-पासपोर्ट बनाने के नाम पर 25 हजार लिए गए। सभी लोगों का दिल्ली में मेडिकल भी कराया गया था। पैसा जमा करने की रसीद भी दी गई।
20 दिन बाद ईमेल कर उनको पासपोर्ट व वीजा की कॉपी भेज दी गई। तीन फरवरी को नागपुर से दुबई के लिए फ्लाइट के बारे में बताया और टिकट भी मेल कर दी गई है।
लोग एयरपोर्ट पहुंचे, मगर टिकट कैंसल हो गई है। उन्होंने कंपनी में फोन किया तो 10 फरवरी को दूसरी फ्लाइट होने की बात कही गई।
कंपनी का फोन बंद मिलने पर पीड़ित 12 फरवरी को इंदिरापुरम स्थित शक्तिखंड के कंपनी कार्यालय पहुंचे, तो वहां पर ताला लगा हुआ था।