बाइक सवार तीन बदमाशों ने खल-चूरी कारोबारी पीयूष गोयल और दो कर्मचारियों को दुकान में ही गन प्वाइंट पर लेकर लूटपाट की। वारदात गोविंदपुरम में बृहस्पतिवार सरेशाम पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।
बदमाशों ने कारोबारी को तमंचे की बट मारकर करीब 32 हजार रुपये, लैपटॉप और मोबाइल लूट लिया। लुटेरे धमकी देकर गए कि हर माह 50 हजार रुपये रंगदारी नहीं दी तो मार डालेंगे। एक बदमाश विकलांग था। पुलिस की टीमें लुटेरों की तलाश में जुटी हैं।
गोविंदपुरम ए-ब्लाक में नेहरू नगर निवासी पीयूष गोयल की खल-चूरी की थोक की दुकान है। पीयूष ने बताया कि बाइक सवार तीन बदमाश शाम करीब साढ़े चार बजे दुकान में आए और अंदर से शटर गिरा लिया।
इनमें एक विकलांग था। एक बदमाश ने दो कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर ले लिया और दो ने कारोबारी को। एक बदमाश ने तमंचे की बट उनके सिर में मारी।
गल्ले में रखे करीब 32 हजार रुपये, लैपटॉप और मोबाइल लूट लिया। जाते हुए धमकी दी कि हर माह 50 हजार रुपये नहीं दिए तो मार डालेंगे। एसपी सिटी शिव हरि मीणा कविनगर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की।
लुटेरों ने युवक को लूटा
विजय नगर के सिद्धार्थ विहार में आटो सवार लुटेरों ने चाकू के बल पर ग्रेटर नोएडा के कासना निवासी सुरेंद्र से बाइक और 1500 रुपये लूट लिए।
युवक ने फोन कर अपने रिश्तेदार बुला लिए, जिन्होंने लुटेरों का पीछा कर दो को दबोच लिया। बाद में उन्हें मौके पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
महिला से लूटी चेन
सौंदा रोड पर बृहस्पतिवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने मार्निंग वॉक से लौट रहीं आदर्श नगर निवासी बाबूराम की पत्नी रामवती से सोने की चेन लूट ली।
बदमाशों ने महिला को चाकू मारकर घायल कर दिया और भाग गए। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।