गुड़गांव सेक्टर-18 थाना क्षेत्र में लिफ्ट देकर एक नेपाली युवक से 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नेपाल निवासी घनश्याम गौतम सेक्टर 46 में एक निजी कंपनी में काम करता है। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह वह नेपाल जाने के लिए निकला था। आनंद विहार बस अड्डा, दिल्ली जाने के लिए इफ्को चौक पर वाहन का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान एक वैन आई, जिसमें चार युवक बैठे थे। आरोपियों ने कहा कि वे आनंद विहार जा रहे हैं और उसे भी छोड़ देंगे। जिस पर घनश्याम उनके साथ बैठ गया। कुछ देर बीत जाने के बाद हाईवे पर युवकों ने कहा कि वह लोग सेना से हैं और आगे सुरक्षा जांच चल रही है।
नगद या अन्य सामान हो तो जमा करा दो। जिस पर पीड़ित ने 50 हजार रुपये बदमाशों को दे दिया। आगे चलकर शंकर चौक से बदमाशों ने वाहन को मोड़ लिया और गुड़गांव-महरौली रोड पर ले गए। बदमाशों ने नीलकंठ अस्पताल के पास छोड़ दिया। सेक्टर 18 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।