ऑटो चालक ने पांच नाबालिगों से किराया मांगा तो उन्होंने महज 35 रुपये के लिए उसकी चाकू से ताबड़तोड़ वार करके हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्या के आरोप में चार नाबालिगों को पकड़कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। जबकि पांचवें की तलाश की जा रही है।
पीसीआर वैन ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि अवनीश के शरीर पर चाकू के गहरे जख्म हैं। मौत का कारण खून का ज्यादा रिसाव है।
महज 15 साल के हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल की रात बीआरटी पर एटा, यूपी निवासी ऑटो चालक अवनीश लहूलुहान मिला। पुलिस ने उस अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज करके अंबेडकर थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष अंडरट्रेनिंग एसीपी जसवीर सिंह की देखरेख में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
टीम ने 48 घंटे में अवनीश की हत्या के आरोप में चार नाबालिगों को पकड़ लिया। सभी की उम्र 15 से 16 वर्ष के बीच है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चारों दक्षिणपुरी व अंबेडकर नगर में रहते हैं।
19 मई को होनी थी शादी
वारदात वाले दिन वे सिलेक्ट सिटी मॉल से अवनीश के ऑटो में सवार हुए थे। अवनीश मीटर से ऑटो चलाकर लाया था। पांचों बीआरटी पर उतर गए। अवनीश ने किराये के 35 रुपये मांगे तो उन्होंने डॉन के साथी होने की धमकी दी।
अवनीश ने फिर रुपये मांगे तो उन्होंने आपा खो दिया और उसे ताबड़तोड़ चाकू मार दिए। पुलिस ने सभी को जुवेनाइल जस्टिस होम में पेश करके बाल सुधार गृह भेज दिया है।
पुलिस पांचवें नाबालिग की तलाश कर रही है। अवनीश जैतपुर इलाके में भाई के साथ रहता था। 19 मई को उसकी शादी होने वाली थी।