बैंक में 1.70 लाख रुपये जमा करवाने गए फोकस डायग्नोस्टिक सेंटर के अकाउंटेंट ललित गर्ग को झांसा देकर दो युवकों ने चालीस हजार रुपये ठग लिए। ई क्यू कोड लगवाने के नाम पर युवकों ने उनके हाथ से दो हजार के नोटों की गड्डी ली और बीस नोट पार कर दिए। पुलिस आरोपी युवकों की तलाश में बैंक की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
एसजीएम नगर निवासी ललित गर्ग के मुताबिक वह अजरौंदा चौक, रामा पैलेस स्थित फोकस डायग्नोस्टिक में अकाउंटेंट हैं। सोमवार को फर्म के 1.70 लाख रुपये खाते में जमा करवाने एनआईटी पांच स्थित एचडीएफसी बैंक गये थे। वह नकद जमा करवाने वाले काउंटर की लाइन में लग गए।
उनके पीछे खड़े युवक ने उनसे कहा कि नकद जमा करवाने वाली रसीद में ई क्यू कोड डालना जरूरी है, यह ईक्यू कोड दो हजार के नोट पर लिखा होता है। इसके बाद युवक ने एक दो हजार रुपये का नोट निकाल कर उसमें ई क्यू कोड दिखाया। उसके पीछे खड़े युवक ने भी ई क्यू कोड होने का समर्थन कर दिया।
युवकों की बात में आकर उन्होंने ईक्यू कोड लिखने के लिए दो हजार के 85 नोटों की गड्डी उन लड़कों को थमा दी। युवकों ने कोड लिखकर नोट उन्हें वापस कर दिए। इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए। युवकों के जाने पर ललित को संदेह हुआ तो उन्होंने नोट गिने, उसमें 20 नोट कम थे।
मामले की जानकारी होने पर पुलिस बैंक पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया। पुलिस को फुटेज में दोनों युवक दिखे लेकिन उनके चेहरे साफ नहीं दिखे। जांच अधिकारी एएसआई सत्यवान ने बताया कि फुटेज में चेहरे साफ नहीं दिखने के चलते दोनों को पहचान पाना मुश्किल हो रहा है।