दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 28 स्वचालित पिस्टल बरामद की गई हैं।
अवैध हथियार सेंधवा, मध्य प्रदेश से लाकर दिल्ली, एनसीआर व यूपी के बदमाश व गैंगस्टर को सप्लाई होते थे। गिरफ्तार मेवात निवासी आरोपी अवैध हथियारों को मध्य प्रदेश से दिल्ली व यूपी लाने के लिए बतौर कैरियर काम करता था।
वह डेढ़ वर्ष में 100 से अवैध हथियार दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई कर चुका है। स्पेशल सेल पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुशवाह के अनुसार अवैध हथियारों की सप्लाई करने वालों को दबोचने के लिए सेल में तैनात इंस्पेक्टर शिव कुमार की विशेष टीम बनाई गई।
इंस्पेक्टर शिव कुमार को 16 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि अकरम खान मध्य प्रदेश से अवैध हथियारों की खेप लेकर आश्रम चौक, सिद्धार्थ एंक्लेव, रिंग रोड, दिल्ली आएगा।
एसीपी मनोज दीक्षित की देखरेख में इंस्पेक्टर शिवकुमार की टीम ने सिद्धार्थ एंक्लेव से गांव सिंगार थाना पुन्हाना जिला मेवात हरियाणा निवासी अकरम खान (24) को पकड़ लिया। इसके कब्जे से 28 स्वचालित सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद की गईं।
कुछ पिस्टल पर मेड इन यूएसए लिखा है। अकरम खान ने पूछताछ में बताया कि वह छाता, मथुरा के मुफीज और भरतपुर, राजस्थान के खुर्शीद के लिए काम करता था। ये दोनों मध्य प्रदेश से आने वाले अवैध हथियारों के प्राप्तकर्ता हैं।
एक पिस्टल के एक हजार रुपये लेता था
स्पेशल सेल पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अकरम एक पिस्टल सप्लाई करने पर मुफीज व खुर्शीद से एक हजार रुपये लेता था। अकरम पिता की तरह ट्रक ड्राइवर था।
ड्राइवरी की तनख्वाह से खर्चे पूरे नहीं होने पर वह खुर्शीद के साथ कैरियर का काम करने लगा। अकरम शुरू में खुर्शीद व मुफीज जो पैसेदेते थे वह ले लेता था। जब उसे इस गोरखधंधे केबारे में पता लगा तो ये एक पिस्टल की सप्लाई करने पर एक हजार रुपये लेने लगा।