दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 23 साल की उम्र में झपटमारी का सैकड़ा लगाने वाले बदमाश विक्रम उर्फ विक्की और उसके साथी बेदी उर्फ महेश (35) व चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर दिलीप (47) को दबोचा है।
आरोपियों के पास से पुलिस ने स्नैच की गई तीन सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली पल्सर बाइक बरामद की है। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी से स्नेचिंग की 20 वारदात को सुलझाने का दावा किया है।
दोनों बदमाश झपटी गई सोने की चीजों को द्वारका, मधु विहार के ज्वेलर दिलीप को बेच देते थे।
हर बार रहता था पांच का टारगेट
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि वारदातों में शामिल बदमाश सेक्टर-3, रोहिणी, झील वाले पार्क के पास चोरी के माल को बेचने आने वाले हैं।
सूचना के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों बदमाशों और ज्वेलर को रंगे हाथों दबोच लिया। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि उन लोगों ने मंगलवार को वाई ब्लॉक, सब्जी मंडी मंगोलपुरी के पास से एक चेन झपटी थी।
विक्रम ने बताया कि वह 31 जनवरी 2014 को जेल से छूटकर आया था। पुलिस के मुताबिक स्नेचिंग की चार से पांच वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश राजस्थान के अलवर व खेतली और पंजाब के नांगल भाग जाते थे।