दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में मंगलवार देर शाम कैश वैन से 23 लाख रुपये की चोरी हो गई। वारदात के समय कैश वैन के कर्मचारी रुपये जमा करने के लिए एटीएम में गए थे।
वापस आने पर कर्मचारियों को रुपये गायब होने की जानकारी मिली। नबी करीम थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार राइटर सेफ गार्ड कंपनी राजधानी में एटीएम में रुपये जमा करने का काम करती है। मंगलवार दोपहर कैश वैन 86 लाख रुपये लेकर चली थी। वैन में दो कैश लोडर, दो गार्ड और एक ड्राइवर था।
मध्य जिला के कई एटीएम में रुपये जमा करने के बाद वैन पहाड़गंज पहुंची। कैश लोडर रकम को लेकर एटीएम के अंदर चले गए। जबकि दोनों गार्ड और ड्राइवर वैन के पास था।
इसी दौरान वैन के पास ही कुछ युवक आपस में झगड़ा करने लगे। यह देखकर एक गार्ड और ड्राइवर युवकों के पास पहुंचे। वापस आने पर पता चला कि वैन में रखे 23 लाख रुपये गायब हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर जिले के आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सभी कर्मचारी से पूछताछ की। पुलिस को आशंका है कि घटनास्थल पर झगड़ा करने वाले युवक बदमाश के सहयोगी हो सकते हैं।
जो गार्ड और ड्राइवर का ध्यान बांटने के लिए यहां मारपीट करने का नाटक किया। जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।