जिला प्रशासन में अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त एक बुजुर्ग के खाते से एटीएम कार्ड बदलकर 1.30 लाख रुपये शातिर बदमाशों ने निकाल लिए। रिटायर्ड अधिकारी मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस के चक्कर काटते रहे लेकिन उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
बाद में उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद केस दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार पीड़ित सेक्टर-30 निवासी अंतराम जिला प्रशासन में अधिकारी पद से रिटायर्ड हैं। वह 15 अगस्त की दोपहर पथवारी मंदिर के पास स्थित पीएनबी के एटीएम से रुपये निकालने गए थे।
वहां एटीएम पर दो लड़के पहले से ही खड़े थे और रुपये निकालने की बहानेबाजी कर रहे थे। उन्होंने जब अपना कार्ड मशीन में लगाया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।
इस पर वहां खड़े लड़कों ने मदद करने की बात कही। उनके झांसे में आकर अंतराम ने कार्ड दे दिया। लड़कों ने पासवार्ड पूछ कर कार्ड उल्टा लगा दिया और कहा कि कार्ड काम नहीं कर रहा है। इसी बीच कार्ड को बदल दिया।
एक सितंबर को जब वह पेंशन चेक करने गए तब उन्हें पता चला कि खाते से 1.30 लाख रुपये से अधिक निकाले जा चुके हैं। उसी दिन से उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। एक महीने बाद दबाव पडने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।